अंग्रेजी शिक्षक के स्थानांतरण का विरोध
पलसाना -राजकीय बालिका वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय डूकिया में अंग्रेजी शिक्षक के स्थानांतरण के विरोध में अध्ययनरत छात्राओं ने विद्यालय के प्रवेश द्वार के ताला ठोंक दिया। जानकारी के अनुसार विद्यालय के अंग्रेजी अध्यापक मुकेश कुमार टेलर का स्थानांतरण राजकीय बालिका वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय गोलिया जेतमाल बाड़मेर कर दिया गया ।वहीं इनके स्थान पर हेमंत कुमार चंदेल को लगाया गया । छात्राओं का आरोप है कि चंदेल पूर्व में भी इस विद्यालय में कार्यरत रहे हैं । जिनको आक्रोश एवं विरोध प्रदर्शन के बाद अन्यत्र भेजा गया था । छात्राओं का कहना है अगर स्थानांतरण निरस्त नहीं हुआ और चंदेल को यहीं रखा गया तो विद्यालय की सभी छात्राओं को विद्यालय से टीसी लेने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इतना ही नहीं दूसरी ओर कक्षा 12 और 11 की छात्राओं ने विद्यालय के प्रधानाचार्य के नाम सामूहिक एप्लीकेशन लिख कर टीसी देने की मांग की।
क्या कहते हैं कार्यवाहक प्रधानाचार्य राकेश कुमार यादव - प्रतिदिन की तरह सुबह कार्यालय समय पर विद्यालय पहुंचा। जहां कुछ अभिभावक ग्रामवासियों एवं विद्यालय की अध्ययनरत छात्राओं के द्वारा विरोध प्रदर्शन करते हुए कार्यालय के ताला जड़ दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मुकेश कुमार टेलर का स्थानांतरण निरस्त नहीं होता और हेमंत कुमार चंदेल यहां पद स्थापित होते हैं, तो सामूहिक रूप से सभी छात्राएं टीसी लेने को तैयार है। यादव ने बताया कि यह सभी सूचना विद्यालय के प्रधानाचार्य महावीर प्रसाद शर्मा को अवगत करा दी गई है । प्रधानाचार्य के आदेशानुसार निदेशालय तथा संभाग स्तर के उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।
संवाददाता - पवन कुमार शर्मा

