हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के काफिले को कथित तौर पर रोकने और वाहनों पर डंडे फेंकने की घटना के एक दिन बाद बुधवार को आरोपी 13 किसानों के खिलाफ हत्या के प्रयास और दंगा करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। ये किसान केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। विपक्षी दल कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने इस कदम की आलोचना करते हुए कहा कि इससे सरकार की हताशा का पता चलता है।
दरअसल, मंगलवार को प्रदर्शनकारी किसानों के एक समूह ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को काले झंडे दिखाए, जब उनका काफिला अंबाला शहर से गुजर रहा था। कुछ किसानों ने काफिले को कथित तौर पर रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस कुछ समय बाद मुख्यमंत्री को एक सुरक्षित मार्ग पर ले जाने में कामयाब रही। कुछ सुरक्षाकर्मियों की शिकायत पर किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
संवाददाता - राजीव दाधीच

