ट्रक में चावल की आड़ में 50 लाख की अवैध शराब का जखीरा, ट्रक चालक गिफ्तार।
पाली : चावल की आड़ में अवैध शराब से भरे ट्रक को जब्त कर पाली जिले के सेन्दड़ा थाना पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जब्त 1154 कार्टन पंजाब निर्मित फॉर सेल इन अरुणाचल प्रदेश स्पेशल अंग्रेजी अवैध शराब की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपए आंकी है। जानकारी के अनुसार यह शराब चंडीगढ़ पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी।
सेंदड़ा थाना प्रभारी महावीर मीना ने बताया कि बुधवार को रात्रि में पाली एसपी के निर्देशन में अजेमर बॉर्डर पर पाली सीमा में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना मिली कि ट्रक नम्बर आरजे 14 जीसी 5576 में अवैध शराब परिवहन की जा रही है। जिस पर एक ट्रक को रोक गया, जिसके चालक ने पुलिस को देखकर नाकाबंदी तोडऩे का प्रयास किया। लेकिन तुरंत ही पुलिस ने ट्रक को घेर लिया। इस दौरान चालक से पूछताछ करने पर गड़बड़ी लगी। ट्रक चालक ने बताया कि ट्रक में चावल की बोरियां है फर्जी बिल्टी भी बताई। जिस पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो ट्रक में खाली बोरियों के नीचे छिपाई हुई 1154 कार्टून शराब मिली। जिसकी कीमत करीब 50 लाख आंकी गई।

