सोजत उप प्रधान का अपहरण, चार दिन तक बनाए रखा बंधक, पिस्टल दिखाकर युवती के साथ बनाया अश्लील वीडियो।
सोजत : पाली जिले के सोजत पंचायत समिति के उप प्रधान कन्हैयालाल ओझा का पन्द्रह दिन पूर्व कुछ लोगों ने अपहरण कर दिया। उन्हें चार दिन तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान अपहरणकर्ताओं ने पिस्टल दिखाकर फिरौती के 50 लाख रुपए मांगे और युवती के साथ अश्लील वीडियो बनाया। वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए उनसे 18 लाख रुपए भी वसूल लिए। चार दिन बाद उसे जंगल में छोड़ा। मंगलवार देर रात को शिकायत मिलने पर सोजत सिटी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में युवती सहित चार जनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस व वारदात में प्रयुक्त गाड़ी बरामद कर ली है। मामले के दो और आरोपी अब भी फरार है, उनकी तलाश जारी है।
कोर्ट मैरीज के लिए राय लेने का कहकर ले गए, चार दिन बाद छोड़ा
पुलिस अधीक्षक कालूराम रावत ने बताया कि खारिया नींव निवासी व सोजत उप प्रधान कन्हैयालाल ओझा ने मामला दर्ज करवाया कि दस मई को खारिया नींव निवासी महेन्द्र जाट उसे अपने दोस्त की कोर्ट मैरीज के बारे मे राय लेने के लिए कहते हुए एक गाड़ी से लेने आए। जीप में पहले से चार जने सवार थे, उसने बैठने से मना किया तो उसकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर जबरन अपहरण कर जीप में बैठा दिया। उसका मोबाइल छीनकर बंद कर दिया। जीप की पीछे की सीट पर एक लडक़ी भी सवार थी। उसकी आंखों पर काली पट्टी बांध दी और जंगल में ले गए। उसकी कनपटी पर पिस्टल तानकर उसे जबरन लडक़ी के कपड़े खुलवाए और वीडियो बनाया। अहरणकर्ताओं ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी और कहा कि वीडियो वायरल होने से उसका राजनीतिक करियर खराब हो जाएगा। वीडियो वायरल न करने व छोडऩे के लिए पचास लाख रुपए की फिरौती मांगी।
कन्हैयालाल ने अपने दोस्त नारायणलाल जाट निवासी बोरून्दा व महेन्द्र जाट निवासी बीरावास, भंवरलाल माली निवासी पाचुण्डा को फोन कर उधार रुपए मांगे, लेकिन व्यवस्था नहीं हुई। तब तक वे उसे जंगल में घूमाते रहे और ब्लेकमेल करते रहे। उसके दोस्त नारायण जाट निवासी बोरून्दा से 15 लाख रुपए दिलवाए। 13 मई को आरोपियों ने और रुपए मांगे तो उसके दोस्त मंगलाराम जाट से दो लाख रुपए दिलवाए, उसकी जेब से 95 हजार रुपए भी ले लिए। उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पकडकऱ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। 14 मई की रात आठ बजे उसे मोलकासनी के पास छोड़ा।
दस लाख रुपए और मांगे तो पुलिस में की शिकायत
आरोपियों ने दो दिन पूर्व दस लाख रुपए और देने की मांग करते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी दी। परेशान होकर उप प्रधान ओझा ने पुलिस से सम्पर्क किया। सोजत थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह, सीओ सोजत डॉ. हेमंत जाखड़ व सोजत थानाधिकारी रामेश्वरलाल भाटी की टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए महेश भाखल पुत्र महेन्द्र जाट निवासी घणमगरा पीएस बिलाड़ा जिला जोधपुर, महेन्द्र पुत्र मोहनलाल जाट निवासी खारीया नींव, माणक पुत्र भगाराम जाट निवासी रणसीगांव थाना बोरुन्दा जिला जोधपुर व सायना पुत्री अब्दुल मजीद निवासी राणावास स्टेशन थाना सिरियारी को गिरफ्तार किया। महेन्द्र के कब्जे से पिस्टल व तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। आरोपियों की एक गाड़ी भी बरामद की गई।
यह दो आरोपी फरार
इस मामले में लीलाराम पुत्र गंगाराम जाट निवासी तेजाराम की ढाणी बिरावास थाना बिलाडा जिला जोधपुर व कपिल सेंगवा पुत्र सहीराम जाट निवासी उदावतों का बेरा घणमगरा थाना बिलाड़ा जिला जोधपुर अभी फरार है। उनकी तलाश जारी है।

