नववर्ष पर पति पत्नी दोनो ने लिया देहदान का संकल्प'
रामगंज मंडी - नववर्ष के अवसर पर राजेंद्र गुप्ता एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मधु गुप्ता ने मरणोपरांत अपने देहदान का संकल्प करके अत्यंत प्रेरणास्पद कार्य किया है।
खैराबादधाम निवासी, अखिल भारतीय मेडतवाल नवयुवक संघ के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री, एवम मां फलोदी कैटरिंग सर्विस के प्रोपराइटर राजेंद्रजी भाईसाहब भवानीमंडी के नेत्रदान और देहदान के कार्यों से काफी प्रभावित थे एवं काफी समय से पति पत्नी दोनों की देहदान का संकल्प लेने की इच्छा थी, इसलिए यह सोचकर कि क्यों ना इस अच्छे कार्य को आज नववर्ष के दिन कर लिया जाए दोनों ने भवानीमंडी आकर देहदान का संकल्प किया,
यह पहली बार हुआ है जब भवानीमंडी में पति-पत्नी दोनों ने एक साथ देहदान संकल्प को किया है।
वेसे भी वर्ष 2020 भवानीमंडी में नेत्रदान और देहदान संकल्प के लिए अत्यंत उल्लेखनीय रहा है, भवानीमंडी से 9 देहदान के संकल्प प्राप्त हुए हैं जिसमें 4 महिलाएं हैं, साथ ही इस वर्ष में 740 लोग अपने नेत्रदान का संकल्प कर चुके हैं जो एक रिकार्ड है, अधिकांश लोगों ने अपने जन्मदिन को नेत्रदान के संकल्प के साथ सेलिब्रेट किया है।
बहुत खूबसूरत विचार थे भाईसाहब राजेंद्रजी गुप्ता के कि "मृत्यु के पश्चात हमारे शरीर के अग्नि में जलकर राख हो जाने से बेहतर है यह मानवता के उपयोग में आ सके, इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए हम पति पत्नी दोनों ने आज देहदान का संकल्प किया है, काफी समय से उनके मन में यह संकल्प करने की इच्छा थी, आज 1 जनवरी नववर्ष के अच्छे दिन को देखते हुए पति पत्नी दोनों ने भवानीमंडी आकर यह देहदान का संयुक्त संकल्प किया।"
निश्चित रूप से आप जैसे बड़ी सोच रखने वाले लोगों से ही नेत्रदान और देहदान का कार्य आगे बढ़ा है। और आपका यह संकल्प वास्तव में अनेकों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत होगा।
रिपोर्ट - राजीव दाधीच

