दो वर्षों से आवेदन करवाने के बावजूद वरिष्ठ शिक्षकों के नहीं हुए तबादले
तबादलों को लेकर शिक्षा मंत्री पर वरिष्ठ शिक्षकों ने लगाया भेदभाव का आरोप
पाली - राजस्थान वरिष्ठ शिक्षक संघ रेस्टा ने शिक्षा मंत्री गोविन्दसिंह डोटासरा पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ शिक्षकों के तबादले नहीं करने पर शिक्षा मंत्री का घेराव करने की चेतावनी दी है।
राजस्थान वरिष्ठ शिक्षक संघ रेस्टा के प्रदेशाध्यक्ष भेरूराम चौधरी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण कुमावत ने बताया कि शिक्षा विभाग में बड़ी संख्या में व्याख्याता, प्रधानाध्यापक, व प्रधानाचार्य के तबादले किये गए लेकिन वरिष्ठ शिक्षकों से दो बार आवेदन करवाने के बावजूद स्थानांतरण नहीं किये गए।
रेस्टा पाली के जिलाध्यक्ष ने बताया कि यदि आज दिनभर में यदि वरिष्ठ शिक्षकों के तबादले नहीं किये गए तो प्रदेश भर से हजारों वरिष्ठ शिक्षक कल 8 जनवरी को जयपुर शिक्षा मंत्री के आवास पहुंचकर घेराव तथा आंदोलन करेंगे।
वरिष्ठ शिक्षकों के तबादले नहीं करने के कारण प्रदेश भर के 70 हजार वरिष्ठ शिक्षकों में रोष व्याप्त है। हर बार वरिष्ठ शिक्षकों से केवल आवेदन करवाने के बाद तबादले नहीं करने के कारण उन्होंने शिक्षा मंत्री पर दोहरा व्यवहार करते हुए भेदभाव का आरोप लगाया है।
वरिष्ठ अध्यापको के तबादले को लेकर अब तक संयुक्त निदेशक कार्यालय से टीम को नही बुलाया गया है। ऐसे में वरिष्ठ अध्यापको के तबादलों को लेकर संशय है। पिछली बार भी आवेदन लेकर भी तबादले नही किये थे, ऐसे में वरिष्ठ अध्यापको में रोष है और बड़े आंदोलन की तैयारी में है।

