धवा(जोधपुर) - शहर में सक्रिय शातिर वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए बोरानाडा पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने पाल शिल्पग्राम इलाके से गत दिनों चुराई गई एक पिकअप भी बरामद की है। बोरानाडा थानाधिकारी किशनलाल ने बताया कि गत 27 दिसंबर को छगनीराम गहलोत की ओर से रिपोर्ट दी गई थी।
इसमें बताया गया कि उनकी पिकअप पाल शिल्पग्राम इलाके से कोई चुरा ले गया। इस प्रकरण की जांच एसआई ओमप्रकाश गोदारा को सौंपी गई। गोदारा के साथ कांस्टेबल रामचरण, रामचंद्र, अशोक विश्नोई सहित अन्य ने घटना स्थल व आसपास के इलाके में सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
इसी बीच पुलिस लाइन के हैड कांस्टेबल प्रदीप विश्नोई को मुखबिर से इस केस में महत्वपूर्ण सुराग मिला। इस सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने शनिवार को शातिर वाहन चोर धवा में चोटियों की ढाणी निवासी श्यामलाल चोटिया और साथी धवा दिनेश गवारिया को गिरफ्तार कर लिया।
संवाददाता राजूराम पटेल धवा

