"".

Flickr Images

राजस्थान मौसम अपडेट: 8 जिलों में कई जगह बारिश और ओलावृष्टि के आसार

जयपुर - कड़कड़ाती सर्दी के बीच राजधानी नववर्ष- 2021 का आगाज हो चुका है। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी के इस दौर में प्रदेश के करीब तीन से चार शहरों में पारा ने ऐसी डूबकी लगाई है कि वह माइनस के आसपास अटका हुआ है। माउंट आबू, जोबनेर, चूरू समेत सीकर के फतेहपुर सबसे ठंडी जगहों में हैं। छठे दिन फतेहपुर शेखावाटी में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के नीचे माइनस दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जगहों पर कोहरे की चादर भी छाई रही।

शुक्रवार को राजधानी जयपुर का सुबह का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सुबह से शीतलहर के साथ बादलों की आवाजाही जारी रही। चूरू, माउंटआबू, जोबनेर का तापमान भी जमाव बिंदु के नजदीक दर्ज किया गया। जोबनेर का तापमान तीन डिग्री बढ़कर गुरूवार रात को 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। हालांकि बादलों की आवाजाही जारी है।

प्रदेश में कड़ाके की सर्दी हर रिकॉर्ड तोड़ रही है।:

इस सप्ताह ही चूरू में करीब 40 साल बाद पारा -1.5 डिग्री पर पहुंच गया। इससे पहले चूरू में सबसे कम तापमान 28 दिसंबर 1973 को रिकॉर्ड किया गया था। उस दौरान न्यूनतम तापमान -4.6 डिग्री रहा था, जबकि साल 2011 में न्यूनतम तापमान -1.4 डिग्री तक पहुंचा था। बीती रात को चूरू का तापमान माइनस 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह है ठंड बढ़ने का कारण:

मौसम विभाग जयपुर केंद्र के निदेशक आरएस शर्मा ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्रों के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में साफ आसमान, हिमालय क्षेत्र से पश्चिमी विक्षोभ और ‘ला नीना' के प्रभाव जैसे कारकों के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। ‘ला नीना' प्रशांत महासागर में तापमान में बदलाव संबंधी मौसमी परिघटना है इसके कारण हवा के रूख में बदलाव आता है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में जनवरी के दूसरे सप्ताह तक न्यूनतम तापमान बीते कई साल के रिकॉर्ड तोड़ेगा। माउंटआबू, चूरू, जयपुर, गंगानगर सहित अन्य जगहों पर पारे में फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं इसमें ओर गिरावट होना तय है।

प्रमुख जगहों का तापमान:

प. विक्षाेभ सक्रिय हाेने से शुक्रवार से जयपुर, अजमेर, झुंझुनूं, सीकर, टोंक, कोटा, बूंदी, धाैलपुर समेत कई जगह बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं। बारिश और ओलावृष्टि का दौर चार जनवरी तक सक्रिय रहने की संभावना रहेगी। राजधानी जयपुर में बीती रात गुरूवार को तापमान 24 घंटे में चार डिग्री बढ़कर 8.7 डिग्री सेलिसयस दर्ज किया गया।

वहीं अधिकतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया।:

इसके अलावा माउंटआबू का तापमान 0 डिग्री, चूरू का माइनस 0.2, गंगानगर का 2.4, फलौदी का 6.2, बीकानेर का 4.8, पिलानी का 1.5,सीकर का 5, बूंदी का 4.6, ऐरा रोड का 3.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

वहीं अधिकतम तापमान:

बाड़मेर का 21.8, वनस्थली का 20.2, अजमेर का 21.5, फलौदी का 20.4, गंगानगर का 18.9 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 48 घंटे में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा प्रदेश में लगातार सीकर, जोबनेर, माउंटआबू, फतेहपुर, चूरू, पिलानी का पारा सबसे कम दर्ज किया जा रहा है।




रिपोर्ट - राजीव दाधीच