पाली - जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के तृतीय चरण के लिए पाली एवं रोहट के जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में 53.72 प्रतिशत औसत मतदान हुआ।
जिला निर्वाचन अधिकारी अंश दीप ने बताया कि पाली एवं रोहट पंचायत समिति क्षेत्रों में 53.72 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमें कुल एक लाख 84 हजार 713 मतदाताओं में से 99 हजार 224 मतदाताओं ने मतदान कर लिया। पाली पंचायत समिति क्षेत्र में 53.82 प्रतिशत तथा रोहट क्षेत्र में 53.63 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल दोनों पंचायत समितियों में से रोहट में 51 हजार 810, पंचायत समिति क्षेत्र पाली में 47 हजार 414 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान कोविड़ 19 प्रोटोकाॅल की पालना में मास्क, सेनेटाइजर व सामाजिक दूरी का ख्याल रखा गया। मतदान के लिए महिलाओं, नवमतदाता के साथ-साथ बुर्जगों में भी खासा उत्साह देखा गया।
उन्होंने बताया कि पाली में 84 वर्षीय महिला मतदाता श्रीमती अवली देवी ने अपने मतदान का उपयोग करने के बाद सरकार द्वारा चुनाव के दौरान अपेक्षित सुविधाएं प्रदान की गई है साथ ही कोविड़ 19 संक्रमण बचाव के लिए भी माकुल व्यवस्था हुई है। मतदान केन्द्र के बाहर ही महिला कार्यकर्ताओं द्वारा प्रत्येक मतदाता की स्क्रीनिंग व हाथ सेनेटाइज कराने की व्यवस्था की गई साथ ही सभी मतदाताओं के मास्क लगे होने पर ही मतदान केन्द्र में प्रवेश दिया जा रहा था।
पाली पंचायत समिति -
नियन्त्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार पाली पंचायत समिति क्षेत्र में प्रातः 10 बजे तक 12.74 प्रतिशत हुआ यहां 88 हजार 102 मतदाताओं में से 11 हजार 221 मतदाताओं ने मतदान कर लिया। दोपहर 12 बजे तक 28.83 प्रतिशत मतदान हुआ यहां 25 हजार 404 मतदाताओं ने मतदान किया, दोपहर 3 बजे 45.86 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमें 40 हजार 402 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग कर लिया तथा सांय 5ः00 बजे तक 53.64 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमें 47 हजार 254 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पाली में 53.82 प्रतिशत मतदान हुआ यहां कुल 88102 मतदाताओं में से 47 हजार 414 ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
रोहट पंचायत समिति -
नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहट पंचायत समिति क्षेत्र में प्रातः 10 बजे तक 9.72 प्रतिशत हुआ यहां कुल 96 हजार 611 मतदाताओं में से प्रातः 10 बजे तक 9 हजार 391 मतदाताओं ने मतदान किया। दोपहर 12 बजे तक 34.72 प्रतिशत हुआ जिसमें 33 हजार 548 मतदाताओं ने मतदान किया, दोपहर 3 बजे तक 44.84 प्रतिशत हुआ जिसमें 43 हजार 323 मतदाताओं ने मतदान किया तथा सांय 5 बजे तक 53.43 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमें 51 हजार 618 मतदाताओं ने मतदान किया। रोहट में 53.63 प्रतिशत मतदान हुआ यहां कुल 96 हजार 611 मतदाताओं में से 51 हजार 810 ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
