जानकारी के मुताबिक, चक्रवाती तूफान की स्थिति तेजी से बदल रही है और यह 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाले अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है
जयपुर: प्रचंड चक्रवाती तूफान 'निवार' (Nivar) 25 नवंबर की मध्यरात्रि और 26 नवंबर के तड़के कराईकल और ममल्लापुरम के बीच तमिलनाडु और पुदुचेरी के तटों को पार करने की संभावना है. मौसम विभाग और सरकार की तमाम एजेंसी लगातार चक्रवाती तूफान निवार पर नजर रखें हुई हैं. एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें सतर्क हो गई हैं. तटकीय इलाके के लोगों को चेतावनी जारी कर दी गई हैं कि वो अपने-अपने घरों से नहीं निकले. तटरक्षक बल, दमकल विभाग, एनडीआरएफ सहित राज्य और केंद्रीय एजेंसियों के कर्मचारियों की तैनाती की गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों प्रभावित होने वाले राज्यों से सीएम से बातकर, हरसंभव मदद देने का भरोसा दिया है. जानकारी के मुताबिक, चक्रवाती तूफान की स्थिति तेजी से बदल रही है और यह 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाले अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. चेन्नई हवाई अड्डे पर आने और यहां से जाने वाली 26 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है. इसके अलावा ट्रेनों को भी रद्द किया गया है. चक्रवात निवार अब कुड्डलोर से लगभग 90 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व, पुडुचेरी से लगभग 150 किमी पूर्व और चेन्नई से 220 किमी दक्षिण-पूर्व तक पहुंच गया है.
चक्रवाती तूफान 'निवार' के प्रभाव से चेन्नई के कई हिस्सों में बारिश हो रही है. तमिलनाडु केएमजीआर नहर, विरुगंबक्कम नहर, मम्बलम नहर और इन नहरों को जोड़ने वाले सभी नाले पानी से भर गए हैं. इन नहरों के किनारे सड़कें भी डूबी हुई हैं. 'निवार' आने से पहले ममल्लापुरम और कराईकल में तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं. चेन्नई, वेल्लोर, कुड्डलोर, विलुप्पुरम, नागापट्टिनम, तिरुवूर, चेंगलपट्टू, और पेरम्बलोर सहित तमिलनाडु के 13 जिलों में 26 नवंबर तक राज्यव्यापी सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई.
चेन्नई एयरपोर्ट पर विमान का संचालन निलंबित
खतरनाक चक्रवात 'निवार' के मद्देनजर चेन्नई एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन बुधवार शाम 7 बजे से लेकर गुरुवार सुबह 7 बजे तक निलंबित किया गया है.
UGC-नेट परीक्षा स्थगित
चक्रवाती तूफान 'निवार' के खतरा को देखते हुए तमिलनाडु और पुडुचेरी में 26 नवंबर को होने वाली यूजीसी-नेट 2020 की परीक्षा अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई है.
पुडुचेरी में धारा 144 लागू
पुडुचेरी में लोगों की आवाजाही को प्रतिबंधित करने के लिए सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है. गुरुवार सुबह छह बजे तक धारा 144 लागू रहेगी.

