पाली पुलिस लाइन में तैनात एक कांस्टेबल को नागौर पुलिस ने उसके तीन दोस्तों के साथ स्मैक तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया तथा स्मैक व कार जब्त करने की कार्रवाई की।मामले में पाली एसपी कालूराम रावत ने आरोपी कांस्टेबल को निलंबित करने की कार्रवाई की। मामले में पाली एसपी कालूराम रावत ने आरोपी कांस्टेबल को निलंबित करने की कार्रवाई की।
आरोपी कांस्टेबल रविंद्र
नागौर पुलिस के अनुसार थांवला थाना पुलिस ने रविवार रात को नाकाबंदी के दौरान 201 ग्राम 400 मिलिग्राम स्मैक के साथ पाली पुलिस लाइन में तैनात एक कांस्टेबल सहित 4 युवकों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 2 लाख 51 हजार 140 रुपए की नकदी बरामद कर तस्करी में उपयोग ली स्विफ्ट कार भी जब्त की। पुलिस अब पूरे मामले में आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है। जिससे जिले में नशे की तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस के अनुसार रविवार रात को नागौर-अजमेर बॉर्डर पर नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। इस दौरान वहां तेज गति से आ रही एक स्विफ्ट कार को रुकवाकर उसकी तलाशी ली गई तो कार में 201 ग्राम 400 मिलीग्राम स्मैक व 2 लाख 51 हजार 140 रुपये की नकदी बरामद हुई।
इस पर कार में सवार रविंद्र पुत्र भंवरलाल विश्नोई (33) निवासी दुगोली, राकेश पुत्र हनुमानराम विश्नोई (25) निवासी रोटू, शीशपाल पुत्र रतनलाल विश्नोई (28) निवासी नागौर व हीरालाल पुत्र मोखराम विश्नोई (40) निवासी कंवलीसर को गिरफ्तार करते हुए बरामद हुई स्मैक व स्विफ्ट कार को जब्त कर थाने लाया गया।
आरोपीविश्नोई पुलिस लाइन में तैनात
मामले में सामने आया है कि स्मैक के साथ गिरफ्तार हुए चारों आरोपियों में से एक आरोपी रविंद्र पुत्र भंवरलाल विश्नोई (33) निवासी दुगोली पाली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है। अभी इसकी ड्यूटी पाली पुलिस लाइन में रिजर्व की हुई थी। पाली पुलिस अधीक्षक कालूराम रावत ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल 7 मई को दो दिन का अवकाश लेकर गया 10 मई को आना था लेकिन नहीं आया।
झालावाड़ से लाए स्मैक
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यह स्मैक झालावाड़ के कोटड़ी जागीर गोपालपुरा निवासी घासीलाल से लेकर आए थे। नशे की ये खेप वो कहां ले जा रहे थे और किसे सप्लाई करने वाले थे, इसको लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी हैं। चारों युवकों के खिलाफ एनडीपीसी एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है।

