"".

Flickr Images

सरकार आज जारी कर सकती है नई गाइडलाइन, ढिलाई बरतने वालों पर सख्ती की तैयारी

राजस्थान में कुछ नये शहरों में और ज्यादा समयावधि के लिए लग सकता है नाइट कर्फ्यू ; कलेक्टरों को मिल सकते हैं विशेष अधिकार


जयपुर : राजस्थान में कोरोना की दूसरी लहर में तेजी से बढ़ते संक्रमित केसों ने एक बार फिर सरकार के हाथ-पांव फुला दिए है। बीते कुछ दिन पहले राज्य में जिस तेजी से कोरोना के केस बढ़े और कल जो बैठक मुख्यमंत्री के साथ अधिकारियों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की हुई। उसे देखकर ये कयास लगाए जा रहे है कि राज्य में नाइट कर्फ्यू की समय-सीमा को रात 8 से सुबह 5 बजे तक किया जा सकता है। साथ ही कुछ नये शहरों में भी नाइट कर्फ्यू लगाए जा सकते है, जिसके लिए जिले के कलेक्टरों को विशेष अधिकार दिए जा सकते है। सरकार इस संबंध में जल्द ही नई गाइडलाइन जारी कर सकती है।


सूत्रों के मुताबिक 13 अप्रैल से सिंधी समुदाय का पर्व चेटीचंड पर निकलने वाली शोभायात्राएं, चैत्र नवरात्रा पर आमेर व अन्य मंदिरों के आस-पास होने वाले मेले के आयोजन, रामनवमी की शोभा यात्रा, अंबेडकर जयंती और महावीर जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ती है। इन आयोजनाें में कोरोना संक्रमण बढ़ने के खतरे को देखते हुए सरकार सार्वजनिक, धार्मिक आयोजन के अलावा आगामी त्यौहारों पर भी कुछ पाबंदी लगा सकती है।


इन पर भी सख्ती का विचार


बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह पर पाबंदी। इसके अलावा खुले मैदानों में आयोजति होने वाले शादी समारोह में मेहमानों की अधिकत संख्या 100 तक निर्धारित कर सकते है।

गुजरात, मध्यप्रदेश, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से लगते जिलों की बॉर्डर पर सख्त पाबंदी लगाई जा सकती है। यहां आने वाले हर वाहनों में बैठे लोगों की RTPCR रिपोर्ट जांचने के साथ स्क्रीनिंग की जाएगी।

वर्क फ्रॉम होम का सरकारी कार्यालयों सहित सभी जगह चलन दोबारा शुरू हो सकता है। ऑफिसों में 50% की कैपेसिटी के साथ कर्मचारी बुलाए जा सकते है।

कुछ नये शहरों में नाइट कर्फ्यू लगाया जा सकता है। इसमें राजसमंद, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और बारां जिला हो सकते है। यहां मार्च में पाॅजीटिव केस की रेट काफी तेजी से बढ़ी है। मौजूदा समय में सरकार ने जयपुर, कोटा, चित्तौड़गढ़, अजमेर, जोधपुर, भीलवाड़ा, उदयपुर, आबूरोड, सागवाड़ा और कुशलगढ़ में रात 10 से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा रखा है।

रेस्टोरेंट्स, पब, बार की दी नाइट कर्फ्यू में छूट वापस ली जा सकती है और उन पर कुछ नई पाबंदी लगाई जा सकती है। इसके अलावा शहरों में लगने वाले हटवाड़ा को बंद किया जा सकता है।

मास्क नहीं पहनने वालों और सोश्यल डिस्टेंसिंग की पालना नहीं करने वालों के खिलाफ सख्ती बरत सकती है पुलिस। दुकानों को सील करने के अलावा लगाया जा सकता है भारी जुर्माना।