पिछली बार भी मई की जगह अगस्त में हुई थी परीक्षा....
बीकानेर : कोरोना की दूसरी लहर का असर इस बार भी प्री-डीएलएड और पीटीईटी परीक्षा पर पड़ने की संभावना है। 12वीं बोर्ड की परीक्षा स्थगित होने से डीएलएड के सेशन में भी विलंब होगा। प्रारंभिक शिक्षा में तृतीय श्रेणी लेवल वन शिक्षक बनने के लिए जरूरी दो वर्षीय डिप्लोमा (डीएलएड) में प्रवेश के लिए होने वाली प्री-डीएलएड परीक्षा की तिथि फिलहाल तय नहीं की गई है।
12वीं पास विद्यार्थी प्री- डीएलएड परीक्षा के लिए पात्र हैं। राज्य सरकार ने इस बार भी प्री-डीएलएड परीक्षा करवाने की जिम्मेदारी बीकानेर के पंजीयक शिक्षा विभागीय परीक्षाएं राजस्थान को सौंपी है। 12वीं की परीक्षा स्थगित होने के कारण पंजीयक शिक्षा विभागीय परीक्षाएं राजस्थान की ओर से अभी तक प्री-डीएलएड के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है।
पिछले दो सालों से प्री-डीएलएड की परीक्षा में विलंब हो रहा है। आमतौर पर प्री-डीएलएड की परीक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा के बाद मई में आयोजित की जाती है। लेकिन पिछले साल 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं जून माह में पूरी होने के कारण प्री-डीएलएड की परीक्षा 31 अगस्त को आयोजित की गई। कमोबेश यही स्थिति इस बार भी बनी हुई है।
पीटीईटी 16 मई को, आवेदन की प्रक्रिया पूरी
उधर, बीएड कॉलेजों में एडमिशन के लिए पीटीईटी की परीक्षा 16 मई को होगी। जिसके लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। 20 अप्रैल ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि थी। पीटीईटी के लिए 5.46 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। हालांकि कोरोना के चलते पिछली बार पीटीईटी की तिथि में दो बार बदलाव किया गया। पीटीईटी की परीक्षा 16 अगस्त को होनी थी जो कि 16 सितंबर को हुई।
प्रदेश में डीएलएड की 24,420 सीटें, पिछले साल 6.69 लाख अभ्यर्थियों ने किया आवेदन :
दो वर्षीय डीएलएड पाठ्यक्रम के लिए राज्य के 362 एजुकेशन इंस्टिट्यूट में 24,420 सीटें उपलब्ध है। डीएलएड में एडमिशन के लिए पिछले साल की प्री- डीएलएड परीक्षा में राज्य के 6.79 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।

